आदिवासी क्षेत्रों में तीन लेयर सब्जी उत्पादन का प्रोजेक्ट तैयार करें – प्रभारी मंत्री डॉ. विजय शाह । जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने के लिए शासन को भेजेंगे प्रस्ताव ।

13573

रतलाम । टी स्टेट न्यूज धर्मराज डाबला । जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में उद्यानिकी विभाग को जिले के आदिवासी विकासखंडों में तीन लेयर सब्जी उत्पादन का प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मॉडल में जमीन के नीचे कंदमूल तथा ऊपर विभिन्न सब्जियों का उत्पादन किया जाए, जिससे किसानों की आय बढ़ाने के अवसर विकसित हो सकें। जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
उक्त बैठक कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। इसमें सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान, जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामोर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, नगर निगम महापौर प्रहलाद पटेल, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, सांसद प्रतिनिधि श्री प्रदीप चौधरी, प्रदीप उपाध्याय, विप्लव जैन सहित समिति के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, डीएफओ अनुभा सिंह, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

पेयजल, स्वास्थ्य एवं आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने जिले में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पेयजल की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनता की सेवा के लिए है। आज गांव के गरीब परिवारों के बच्चों को स्कूल, लैपटॉप सहित विभिन्न सुविधाएं मिल रही हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा एवं देखभाल की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।

मेडिकल कॉलेज एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने एमआरआई सुविधा के लिए सर्वे कराकर पीपीपी मोड पर व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज में सोनोग्राफी के लिए सोनोलॉजिस्ट की कमी दूर करने तथा लिफ्ट एवं सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने को कहा। आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर मरम्मत योग्य केंद्रों के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक के उपचार का लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों की सफलता की कहानियां आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि अधिकाधिक लोग योजना की जानकारी प्राप्त कर सकें। शिक्षा विभाग को स्कूटी एवं साइकिल योजना से लाभान्वित विद्यार्थियों के प्रोत्साहन संबंधी वीडियो तैयार कराने के लिए कहा।

खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा, रतलामी सेव की पैकेजिंग एवं निर्यात पर जोर बैठक में खाद वितरण व्यवस्था, भंडारण, उपलब्धता एवं समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों द्वारा क्रय किए गए बीज के खराब होने की स्थिति में कृषि विभाग संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करे। रतलाम की प्रसिद्ध सेव को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए प्रभारी मंत्री ने विशेष पैकेजिंग व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेव की पैकेजिंग में नाइट्रोजन का उपयोग करने से उसकी गुणवत्ता लंबे समय तक सुरक्षित रखी जा सकती है तथा विदेशों तक निर्यात की संभावनाएं बढ़ेंगी। इस संबंध में जिले का विशेष प्रोजेक्ट तैयार कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

आईटीआई में ड्रोन सेंटर विकसित होगा, सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले की विशेष उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईटीआई रतलाम में ड्रोन सेंटर विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम विशेष रूप से आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत आयोजित छह रक्तदान शिविरों में 472 लोगों ने रक्तदान किया। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी बेहतर तरीके से आयोजित की गईं।

News Desk
News Deskhttps://t-statenews.in
संपादक, संपर्क : +91°-7974343036 UID : 5456-8645-08082015 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 9 वर्ष पत्रिका सिटी बलाष्ट् देनिक स्वतंत्र एलान रतलाम सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल टी स्टेड न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं । वर्ष-2024 में मध्यप्रदेश सरकार से जिला स्तरीय पत्रकार के अलावा धार जिले के सक्रिय पत्रकार के रूप में कार्य कर रहे हैं ।
Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here