
टी-स्टेट न्यूज//झाबुआ से दौलत भावसार//
पंचायत उप निर्वाचन (पूर्वार्द्ध) 2026 अंतर्गत जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 06, जनपद पंचायत रानापुर में 29 सितंबर, मंगलवार को होने वाले मतदान के दृष्टिगत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट तथा पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने शासकीय हाईस्कूल बन में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ग्राम बन में दो मतदान केंद्र बनाए गए है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भरसट ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्वाचन के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मताधिकार का प्रयोग प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान द्वारा नागरिकों को मतदान का महत्वपूर्ण अधिकार प्रदान किया गया है। प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने इस अधिकार के प्रति जागरूक रहते हुए अनिवार्य रूप से मतदान करना चाहिए। मतदान के प्रति किसी भी प्रकार की नकारात्मक भावना से दूर रहकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जाती है तथा मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती है। ऐसे में प्रत्येक मतदाता की भी जिम्मेदारी है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने लोकतांत्रिक दायित्व का निर्वहन करे। उन्होंने मतदाताओं से किसी भी प्रकार के लोभ एवं मोह से दूर रहकर स्वतंत्र एवं निर्भीक रूप से मतदान करने का आह्वान किया।
सभी कार्यों को प्राथमिकता देकर मतदान अवश्य करें- एसपी देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य के लिए 29 सितंबर को मतदान होना है। उन्होंने स्वीप गतिविधि अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपने प्रभावी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मतदान के अधिकार एवं एक वोट की ताकत का महत्वपूर्ण संदेश दिया है।उन्होंने कहा कि मतदान के दिन प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार के प्रयोग को प्राथमिकता देनी चाहिए। ऐसा न हो कि मतदान के दिन किसी व्यक्तिगत कार्य के कारण मतदान से वंचित रह जाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से भी कहा कि वे अपने घर एवं आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें तथा अपने माता-पिता एवं परिवार के 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र सदस्यों को मतदान करने के लिए जागरूक करें।
मतदाता जागरूकता की शपथ दिलवाई – स्वीप गतिविधि के तहत शासकीय हाईस्कूल बन में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई।
नुक्कड़ नाटक एवं रांगोली से दिया मतदाता जागरूकता का संदेश – कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक का प्रभावी मंचन किया गया। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से मतदान के महत्व, प्रत्येक वोट की ताकत तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं की सहभागिता का संदेश दिया। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता विषय पर आकर्षक रांगोली के माध्यम से भी नागरिकों को 29 सितंबर को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह रहे उपस्थित – इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार मंडलोई, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई, एसडीओपी कमलेश शर्मा, तहसीलदार राजेंद्रसिंह चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलवानसिंह मवासे, खंड शिक्षा अधिकारी राकेश सोनी, प्राचार्य मनीष पंवार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। – मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल बन में हुआ कार्यक्रम। – कलेक्टर एवं एसपी मतदान केंद्रों के संबंध में जानकारी लेते हुए।


