
टी-स्टेट न्यूज// कानवन।
शासकीय महाविद्यालय कानवन जिला-धार (म.प्र.) में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का 57वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती और स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। कार्यक्रम में सबसे पहले NSS के कार्यक्रम अधिकारी प्रेम सिंह अनारे ने सभी को NSS दिवस की बधाई दी। उन्होंने बताया कि NSS की स्थापना 24 सितंबर 1969 को हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों में समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना पैदा करना है।
इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ईश्वरलाल ओसारी ने नशा मुक्ति पर विशेष रूप से बात की। उन्होंने कहा कि आजकल हर गाँव-शहर में नशे की लत बढ़ रही है। शराब, गुटखा और अन्य नशे से युवाओं का स्वास्थ्य खराब हो रहा है और परिवार बर्बाद हो रहे हैं। एक छात्र होने के नाते हमारा फर्ज है कि हम खुद नशे से दूर रहें और अपने दोस्तों और परिवार को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। इसके बाद प्राचार्य महोदय ने उपस्थित सभी स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर NSS के स्वयंसेवकों द्वारा नशा मुक्ति और स्वच्छता विषय पर एक जागरूक नाटक प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि कैसे एक व्यक्ति की नशे की लत पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है और कैसे युवा अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं। नाटक में स्वच्छता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और ग्राम विकास का संदेश भी बहुत ही प्रभावशाली तरीके से दिया गया, जिसे सभी ने खूब सराहा। डॉ. शोभाराम डावर ने अपने उद्बोधन में कहा कि NSS केवल एक योजना नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का तरीका है। जब हम श्रमदान करते हैं, गाँव की सफाई करते हैं, लोगों को जागरूक करते हैं, तब हम सच्चे अर्थों में शिक्षित कहलाते हैं।
सहायक प्राध्यापक श्रीराम ठाकुर ने भी छात्रों को संबोधित किया और कहा कि समाज सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। हमें पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। सभी अतिथियों और छात्रों ने मिलकर पौधे लगाए और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जन भागीदारी समिति के कृषक दानदाता सदस्य नरेंद्र राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समस्त अधिकारी/कर्मचारी श्रीमती निर्मला चौहान किरण चौहान, अजय सोलंकी, पूजा सोलंकी, श्रीमती निर्मला चौहान सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और NSS के सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


