
टी-स्टेट न्यूज//झाबुआ से दौलत भावसार।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय झाबुआ द्वारा आध्यात्मिकता का महत्व प्रशासन और समाज में तथा शिक्षकों की भूमिका विषय पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, विशेष अतिथि के तौर पर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, जनजातिय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त सुप्रिया बिसेन सहित जिलेभर से करीब 200 से अधिक शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए झाबुआ सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी जयंती दीदी ने बताया कि यह कार्यक्रम इंदौर से बिलासपुर तक चल रहीं किमी की आध्यात्मिक जन-जागृति अभियान यात्रा अंतर्गत झाबुआ में आयोजित किया गया है। यह अभियान प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में अध्यात्म के महत्व को जानकर जीवन में अपनाने के लिए रखा गया।
ब्रह्माकुमारी संस्था के कार्य सराहनीय – कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम देखते हैं कि शिक्षकगण फिजिकली, सोशली और आर्थिक रूप से संपन्न है, लेकिन उन्हें अभी भी स्पिरिचुअली और इमोशनली रूप से संपन्न और सशक्त बनने की आवश्यकता है। इसके लिए ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय है। एसपी देवेंद्र पाटीदार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी द्वारा समाज को श्रेष्ठ बनाने की दिशा में बहुत सुंदर अभियान चलाए जा रहे है। प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि ब्रह्माकुमारी द्वारा चलाए जा रहे अभियान में अपनी सहभागिता करें एवं आध्यात्मिकता के माध्यम से एक श्रेष्ठ समाज सुंदर समाज का निर्माण करे।
शिक्षकों को किया गया सम्मानित – ब्रह्माकुमारीसंस्था के प्रशासनिक प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक ब्रह्माकुमार हरीश भाई, माउंट आबू से पधारे ब्रह्माकुमार रमेश भाई, ग्वालियर से पधारी मोटिवेशनल स्पीकर ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन, धामनोद से पधारी ब्रह्माकुमारी प्रीति बहन एवं इस अभियान का संचालन कर रहे ब्रह्माकुमार राकेशभाई ने भी अपने वक्तव्य में अध्यात्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे अपनाकर सुख, शांति और खुशहाल जीवन जीने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में नव-साक्षरों को प्रमाण-पत्र एवं उपस्थित शिक्षकों को सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का सफल संचालन झाबुआ की ब्रह्माकुमारी ज्योति दीदी ने किया। – कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ करते अतिथि। समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।


