झाबुआ युथ ने लगातार दूसरे वर्ष मटकी फोड़ कर जीता खिताब, प्रहलाद सुहानिया ने कान्हा बनकर फोड़ी दही हांडी,

11124 1 scaled

टी-स्टेट न्यूज//झाबुआ से दौलत भावसार।

हजारों की संख्या में श्री कृष्ण भक्तों से सराबोर रहा राजवाड़ा, श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति ने 23वां विशाल दही-हांडी फोड़ प्रतियोगिता का किया आयोजन, विजेता टीम को प्रदान किया 25000 रूपए का नगद पुरस्कार झाबुआ। शहर के राजवाड़ा पर श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर रात्रिकालीन विशाल दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया। मटकी फोड़ कार्यक्रम को देखने राजवाड़ा पर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। राजवाड़ा दर्शकों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। पूरे आयोजन के दौरान भगवान श्री कृष्ण के जयकारों के बीच युवा गोपालों की टीमों ने बारी-बारी से मटकी फोड़ने का प्रयास किया। इसी बीच श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति की थीम नशा मुक्त झाबुआ को लेकर उपस्थित समस्त जनता से रात्रि में मोबाइल की टॉर्च जलाकर नशा मुक्ति हेतु संकल्प दिलवाया गया।

दही हांडी फोड़ने का खिताब लगातार दूसरी बार झाबुआ युथ के युवा गोपालों ने हासिल किया। टीम के प्रहलाद सुहानिया ने कान्हा बनकर दही हांडी फोड़ कर माखन-मिश्री भक्तों के बीच बरसाया। झाबुआ युथ को 25000 रूपए का नगद पुरस्कार समिति की ओर से प्रदान किया गया। इसके बाद विजेता टीम के युवाओं ने ढोल-धमाकों पर जमकर नृत्य भी किया। जानकारी देते हुए श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति अध्यक्ष बलवीरसिंह सोहेल एवं महासचिव चंदरसिंह चंदेल ने बताया कि पूरा आयोजन समिति के कार्यक्रम संयोजक डॉ. नीरजसिंह राठौर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजन समिति के संरक्षक दौलत भावसार एवं यशवंत भंडारी ने विजेता टीम को समिति की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की राजवाड़ा पर 4 सितंबर को रात 9 बजे से दही हांडी प्रतियोगिता आरंभ हुई। प्रतियोगिता में तीन टीमों में विनायक ग्रुप मेघनगर नाका, करडावद बड़ी ग्रुप एवं झाबुआ युथ की टीम ने अपना पंजीयन करवा कर कलर कोड प्राप्त किया। समिति के सभी वॉलिंटियरों (सदस्यों) के लिए ड्रेस पंकज जैन ‘मोगरा’ पंकज सेल्स एजेंसी की ओर से प्रदान की गई। स्पर्धा में टीमों के क्रम का चयन नन्हें बालक-बालिकाओं में गर्व सकलेचा, दीर्घ संघवी, सिद्धम संघवी आदि ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया, जिला मंत्री बबलू सकलेचा, भाजपा अजजा मोर्चा प्रदेश मंत्री सोमसिंह सोलंकी, वरिष्ठ समाजसेवी अशोक शर्मा एवं अजय रामावत, समिति अध्यक्ष बलवीरसिंह सोहेल, वरिष्ठ दौलत भावसार, लालसिंह चौहान मंचासीन रहे। प्रतियोगिता के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया ने आयोजन समिति के माध्यम से उपस्थित हजारों लोगों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर ‘नशा मुक्त झाबुआ, नशा मुक्त भारत’ का सामूहिक संकल्प दिलवाया। मंचासीन अतिथियों के साथ उपस्थित हजारों लोगों ने नशे और नशीले पदार्थों का कड़ा विरोध करते हुए नशा नहीं करने का संकल्प दोहराया। समिति के कार्यक्रम संयोजक डॉ. नीरजसिंह राठौर ने बताया कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति की प्रतिवर्ष दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान विशेष थीम रहती है।

जिसमें इस वर्ष वर्तमान समय में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन को देखते हुए मटकी के दोनों ओर नशा मुक्ति के स्लोगन, संदेश लिखी तख्तियां एवं बैनर आदि भी लगाए गए। दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता का सुंदर एवं गरिमामय संचालन सकल व्यापारी संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष पंकज जैन ‘मोगरा’, भाजपा खेल प्रकोष्ठ संयोजक शैलेष बिट्टू सिंगार, भाजपा अजजा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष भूपेश सिंगोड़ एवं आजाद युवा ग्रुप के संचालक युवा अधिवक्ता लोकेंद्र बिलवाल ने करते हुए कार्यक्रम में शानदार रंग जमाया और उपस्थित श्री कृष्ण भक्तों से आयोजन के दौरान लगातार ‘आलकी की पालकी, जय कन्हैयालाल की, नंद घर आनंद भयो जय हो नंदलाल की’ के सामूहिक जयघोष लगवाएं। पांचवें क्रम में फूटी दही हांडी – प्रतियोगिता से पहले सभी टीमों को नियम संबंधी जानकारी संचालनकर्ताओं की ओर से प्रदान की गई। रात 9 बजे से शुरू हुए दही हांडी फोड़ने के क्रम का चिट्ठी के माध्यम से नंबर का चयन कर विनायक ग्रुप मेघनगर नाका, करडावद बड़ी ग्रुप और झाबुआ युथ ने बारी-बारी से जमीन पर बिछाई गई रेत के ऊपर पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने का प्रयास किया। तीन बार चरण संपन्न होने के बाद भी मटकी नहीं फूटने पर समिति ने रात 11 बजे दही हंडी को 3 फीट नीचे करने का निर्णय लिया। इसके बाद पुनः चिट्ठी खोलकर टीमों की बारी का चयन हुआ। चौथे क्रम में भी कोई भी टीम मटकी नहीं फोड़ पाई, ऐसे में 11.30 बजे पुनः मटकी को 2 फीट नीचे किया गया। तत्पश्चात् चिट्ठी खोलकर नंबर चयन में झाबुआ युथ का पहला नंबर आने पर उक्त टीम के युवा गोपालों ने चार पिरामिड बनाकर मटकी पर प्रहलाद सुहानिया ने रस्सी के सहारे लटककर श्रीफल से दही हांडी को फोड़ कर माखन मिश्री नीचे बरसाया। जिसके बाद झाबुआ यूथ के युवाओं ने ढोल-ढमाकों पर जमकर नृत्य करते हुए भगवान भोलेनाथ, श्री राम एवं श्री कृष्ण के साथ भारत माता और वंदे मातरम के सामूहिक जयघोष उपस्थित युवाओं से झाबुआ युथ के संचालक विनय वर्मा ने लगवाएं। झाबुआ युथ की टीम लगातार दूसरी बार मटकी फोड़कर सिरमौर बनी। टीम के कप्तान तुषार गुड़िया, संचालक विनय वर्मा, कान्हा बने प्रहलाद सुहानिया आदि के साथ पूरी टीम ने 25000 रूपए का नगद पुरस्कार अतिथियों से प्राप्त किया। समिति की ओर से 21000 रूपए का पुरस्कार रखा गया था। जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया द्वारा 2000 एवं युवा समाजसेवी लवेश सोनी की ओर से 2000, इस प्रकार कुल 25000 रुपए का पुरस्कार एवं शील्ड श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से विजेता टीम को प्रदान की गई।

इनका रहा विशेष सहयोग – पूरे कार्यक्रम में जिलेभर से हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रहीं। लोगों ने अपने मकानों की छतों और राजवाड़ा महल के ऊपर खड़े रहकर भी मटकी फोड़ कार्यक्रम का आनंद लिया। संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति से जुड़े अजयसिंह पंवार, अब्दुल रहीम अब्बू दादा, पं. विष्णु व्यास, मीडिया प्रभारी दौलत गोलानी, रेहान भाई, मोंटी राठौर आदि का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की व्यवस्था में सहयोग मांगीलाल माली, रवि बारिया के साथ पुलिस प्रशासन की ओर से थाना प्रभारी आरसी भास्करे एवं उनकी पूरी टीम, ट्रैफिक पुलिस, नगरपालिका, विद्युत मंडल आदि की विशेष भूमिका रहीं।प्रतियोगिता को भव्य एवं सफल बनाने हेतु समिति अध्यक्ष बलबीरसिंह सोहेल एवं महासचिव चंदरसिंह चंदेल ने सभी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोगियों का आभार माना।

– आयोजन समिति की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया ने उपस्थित हजारों लोगों को नशा मुक्ति का दिलवाया संकल्प। – राजवाड़ा पर मोबाइल की टॉर्च जलाकर संकल्प लेते हजारों दर्शक। – राजवाड़ा श्रीकृष्ण भक्तों की भीड़ से खचाखच रहा। – झाबुआ यूथ ने लगातार दूसरी बार मटकी फोड़ने का खिताब हासिल किया। श्री कृष्ण बने प्रहलाद सुहानिया ने दही हांडी को फोड़कर माखन-मिश्री बरसाया। – विजेता टीम झाबुआ युथ को 25000 रूपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।

News Desk
News Deskhttps://t-statenews.in
संपादक, संपर्क : +91°-7974343036 UID : 5456-8645-08082015 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 9 वर्ष पत्रिका सिटी बलाष्ट् देनिक स्वतंत्र एलान रतलाम सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल टी स्टेड न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं । वर्ष-2024 में मध्यप्रदेश सरकार से जिला स्तरीय पत्रकार के अलावा धार जिले के सक्रिय पत्रकार के रूप में कार्य कर रहे हैं ।
Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here