
टी-स्टेट न्यूज//झाबुआ से दौलत भावसार। श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति राजवाड़ा चौक झाबुआ के तत्वावधान में लगातार 23वें वर्ष में दही हांडी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसको लेकर महत्वपूर्ण बैठक 31 अगस्त, मंगलवार रात 8 बजे से पैलेस गार्डन पर आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न समितियों के गठन के साथ भव्य कार्यक्रम की कार्ययोजना तैयार की गई। इस बार सभी सदस्यों ने एकजुट होकर जिले में फैल रहे नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया, जिसे जमीन पर उतारते हुए बैनर, पोस्टर एवं संचालन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी जाएगी। दही हांडी फोड़ कार्यक्रम 4 सितंबर को रात्रि 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। एक दिन पूर्व 3 सितंबर को सुबह 10 बजे राजवाड़ा परिसर पर मटकी बांधी जाएगी। जिसमें नशा मुक्ति अभियान के बैनर, पोस्टर को भी शामिल किया जाएगा। मटकी फोड़ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रत्येक टीम को 1000 रूपए जमा करवाना अनिवार्य होगा। साथ ही समिति की ओर से 21000 रूपए का पुरस्कार रखा गया है। बैठक के दौरान कार्यक्रम की विस्तृत कार्य योजना बनाई गई एवं विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया।
समितियों का हुआ गठन –
जानकारी देते हुए समिति के उदय बिलवाल एवं महासचिव चंदरसिंह चंदेल ने बताया कि बैठक के दौरान कार्यक्रम संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। जिसमें संरक्षक दौलत भावसार यशवंत भंडारीअशोक शर्मा अजय रामावत, भेरूसिंह सोलंकी, , पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा, नवीन पाठक एवं मधुसूदन शर्मा को शामिल किया गया। श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति का अध्यक्ष इस बार बलवीरसिंह सोहेल को बनाया गया। महासचिव चंदरसिंह चंदेल रहेंगे।उपाध्यक्ष का दायित्व कोमलसिंह कुशवाह, कांजी भूरिया एवं लालसिंह चौहान को सौंपा गया। प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जिम्मेदारी दौलत गोलानी एवं रविराजसिंह राठौर के पास रहेगी। मंच व्यवस्था पंकज जैन मोगरा देखेंगे। बैनर पोस्टर निर्माण अर्पित भानपुरिया करेंगे। प्रशासनिक व्यवस्था समिति के लिए दीपेश बबलू सकलेचा एवं उदय बिलवाल अपना दायित्व निभाएंगे। मंच संचालन समिति में भूपेश सिंगौड़, लोकेंद्र बिलवाल, शैलेष बिट्टू सिंगार, उदय बिलवाल, बबलू सकलेचा, पंकज जैन मोगरा शामिल रहेंगे।कोषाध्यक्ष का पदभार अजयसिंह पंवार एवं सह-कोषाध्यक्ष अब्दुल रहीम अब्बू दादा को बनाया गया।
नशा मुक्ति पर होगा मटकी फोड़ का आयोजन– बैठक में सामाजिक महासंघ जिलाध्यक्ष डॉ. नीरजसिंह राठौर एवं राधेश्याम परमार दादूभाई ने प्रस्ताव रखा कि प्रतिवर्ष हम सभी मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान नवाचार करते है। जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। इस बार नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी जाएगी एवं जन -जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए सभी युवाओं से किसी भी तरह का नशा नहीं करने का संकल्प भी दिलवाया जाएगा। जिले में फैल रहे नशे के जाल को समाप्त करने के लिए इस तरह का व्यापक प्रयास किया जा रहा है। मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान शहर एवं गांव का युवा समाज बड़ी संख्या में उपस्थित रहता है। सभी को रात्रि में मोबाइल की टॉर्च जलाकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलवाई जाएगी। युवाओं से नशे से दूर रहने का आग्रह समिति के मंच पर से बार-बार किया जाएगा। इस अभियान का सभी सदस्यों ने समर्थन करते हुए जिले के लिए यह कार्य प्रेरणापद बताया।
प्रवेश शुल्क 1000, इनाम 21000 – श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति राजवाड़ा चौक के उदय बिलवाल एवं लोकेंद्र बिलवाल ने बताया कि इस वर्ष जो भी टीम मटकी फोड़ में भाग लेने के लिए आएगी, उनके लिए प्रवेश शुल्क 1000 रूपए रखा गया है। साथ ही प्रथम इनाम की राशि समिति द्वारा 21000 रुपए रखने की घोषणा की है। कार्यक्रम के दौरान यदि समाजसेवियों द्वारा इनाम की राशि बढ़ाई जाती है तो वह भी विजेता टीम को प्रदान की जाएगी।
3 सितंबर को 35 फीट ऊंची बंधेगी मटकी – समिति के जितेंद्र शाह एवं लालसिंह चौहान के अनुसार प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी मटकी एक दिन पूर्व 3 सितंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय राजवाड़ा चौक पर धूमधाम के साथ बांधी जाएगी। पंडित दिजेंद्र व्यास एवं पंडित जैमिनी शुक्ला द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना करके नशा मुक्ति के पोस्टर लगवाकर ढोल-धमाकों के साथ मटकी को लगभग 35 फीट ऊपर बांधा जाएगा। किसी खिलाड़ी को दुर्घटना में चोट ना आए, इसके लिए दो ट्रक रेत भी गोपाल सोनी के सौजन्य से बिछाई जाएगी। समिति द्वारा प्रथम पुरस्कार 21000 रूपए रखा गया है।
दो मंच बनेंगे, महफिल जमाने बाहर से आएंगे कलाकार – समिति के कोषाध्यक्ष अजय सिंह पंवार एवं रविराजसिंह राठौर ने बताया कि मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान झाबुआ शहर एवं आसपास से हजारों की संख्या में आने वाले ग्रामीणजनों को देखते हुए समिति द्वारा दो मंच बनाने का निर्णय लिया गया है। बड़े मंच पर समिति के पदाधिकारी एवं आमंत्रित अतिथिगण अपना स्थान ग्रहण करेंगे। साथ ही दूसरे मंच से पूरे समय कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा। समिति द्वारा टीमों के लिए आवश्यक नियम भी बनाए गए है, जो मटकी फोड़ प्रारंभ होने के पूर्व सभी को बताए जाएंगे। इसी दिन रात 7 से 9 बजे तक लोगों के मनोरंजन के लिए बाहर से मिमिक्री आर्टिस्ट को बुलाया गया है, जो मटके फोड़ कार्यक्रम के पूर्व सभी का मनोरंजन करेंगे।
कार्यक्रम के लिए नहीं होता है चंदा – श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति राजवाड़ा चौक के संरक्षक डॉ. यशवंत भंडारी एवं दौलत भावसार ने बताया कि दही-हंडी फोड़ का यह विराट आयोजन लगभग 22 वर्षों से हो रहा है, जिसकी तैयारी को लेकर प्रतिवर्ष किसी भी व्यक्ति से चंदा नहीं लिया जाता है। समिति के सदस्य सहयोग राशि देकर इस आयोजन को संपादित करते है।कार्यक्रम के दौरान जो भी घोषणा होती है, वह सभी राशि विजेता टीम को प्रदान कर दी जाती है। इस बार यह आयोजन 23वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है एवं नशा मुक्ति थीम पर इसका आयोजन किया जा रहा है
रात्रि 12 बजे तक का समय हुआ निर्धारित – समिति के नवीन पाठक एवं मधुसूदन शर्मा ने जानकारी दी कि मटकी फोड़ कार्यक्रम को लेकर समिति द्वारा विशेष दिशा-निर्देश तय किए गए है। इसमें सबसे बड़ा निर्देश यह है कि 4 सितंबर को रात 12 बजे तक यदि कोई भी टीम मटकी नहीं फोड़ पाती है, तब उस स्थिति में समिति के सदस्य मटकी नीचे उतारकर किसी भी नन्हें कान्हा से मटकी फोड़ने के कार्य को अंजाम देगी। इस स्थिति में किसी भी टीम का प्रवेश शुल्क लौटाया नहीं जाएगा एवं इनाम की राशि भी समिति अपने ही पास रखेगी, जो आगामी वर्ष में काम आएगी।बैठक के दौरान कोमलसिंह कुशवाह, व्याख्याता एमके खुराना, पुनीत भानपुरिया रविराजसिंह राठौर, भेरूसिंह सोलंकी, भेरूसिंह चौहान, कुलदीपसिंह पंवार, जयेंद्र बैरागी, शैलेष सिंगार, राधेश्याम परमार जैसे अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारीयों ने उपस्थित होकर अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। बैठक का संचालन एवं अंत में आभार समिति के कार्यक्रम संयोजक डॉ. नीरजसिंह राठौर ने माना। दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता आयोजन को लेकर श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। समिति के पदाधिकारी-सदस्यों ने एकजुट होकर नशा मुक्त अभियान के साथ दही-हांडी फोड़ कार्यक्रम आयोजन पर सहमति जताई।


