
टी-स्टेट न्यूज//झाबुआ दौलत भावसार।
शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् द्वारा आज “विद्यार्थी हुंकार अभियान” के अंतर्गत प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अभाविप के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टरों के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और शासकीय महाविद्यालयों में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। इसी क्रम में आज झाबुआ जिले में भी सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों ने मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा ।
अभाविप ने कहा कि प्रदेश के अनेक शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थी स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालय, व्यवस्थित कक्षाओं, पर्याप्त फर्नीचर, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाओं, इंटरनेट, पार्किंग, सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना कर रहे हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इन समस्याओं का तत्काल समाधान आवश्यक है। अभाविप ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि सरकार प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का तत्काल सर्वे कराते हुए ठोस आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे एवं उन व्यवस्थाओं को सुचारू किया जाए तथा जिन कार्यों के लिए बजट की आवश्यकता है, उनके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाए। परिषद् के मालवा प्रांत मंत्री दर्शन कहार ने कहा कि महाविद्यालय शिक्षा का मंदिर है, लेकिन वहां की स्थिति दयनीय है। विद्यार्थियों को मिलने वाली मुलभुत सुविधा भी नहीं मिल पा रहीं। विद्यार्थी हुंकार के माध्यम से सरकार को अवगत करवाना चाहते है कि गुणवत्ता युक्त शिक्षा एवं स्वस्थ परिसर के लिए सरकार ध्यान दे एवं विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाएं त्वरितता से उपलब्ध करवाएं |
समस्त मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं – अभाविप के जिला संयोजक अमित चौहान ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को होने वाली मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर यह ज्ञापन सौंपा है। हमारी मांग है कि स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता गृह, बेहतर कक्षाएं, पुस्तकालय, खेल, सुरक्षा, इंटरनेट और कैंटीन जैसी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल को पुनः सक्रिय किया जाए। विद्यार्थियों के हित में प्रशासन इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का यह विद्यार्थी हुंकार अभियान इस प्रदर्शन से प्रारंभ हुआ है। आने वाले समय में विभिन्न रचनात्मक एवं आंदोलनात्मक माध्यमों से मांगों के पूर्ण होने तक अभाविप का यह अभियान जारी रहेग


