
टी-स्टेट न्यूज//मंदसौर (नरेंद्र सोनी )
वायडी नगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर महिला को शादी का झांसा देने, कथित रूप से जबरन शारीरिक संबंध बनाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर (28) निवासी कानाकोलर, थाना शिवगंज, जिला सिरोही (राजस्थान) को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महिला से लिए गए करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को मंदसौर निवासी पीड़िता ने परिजनों के साथ वायडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता की सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी से दोस्ती हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। आरोप है कि आरोपी शादी का झांसा देकर पीड़िता को होटल में ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को कथित तौर पर यह कहकर डराया कि होटल में बने वीडियो उसके पास हैं और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये और सोने के जेवर की मांग की। वीडियो वायरल होने के डर से पीड़िता ने घर में रखे सोने के आभूषण आरोपी को दे दिए। मामले में वायडी नगर थाने पर अपराध क्रमांक 316/2026, धारा 69, 308(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सोशल मीडिया से सुराग, सूरत तक पहुंची पुलिस पुलिस ने आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए सोशल मीडिया एवं साइबर सेल की मदद ली। जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर आरोपी जिस नाम से संपर्क में था, उसकी वास्तविक पहचान गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर के रूप में हुई। पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर अलग सिम का उपयोग कर स्वयं को होटल वाला बताकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया था।
आरोपी के सूरत के कतरगाम क्षेत्र में होने की जानकारी मिलने पर वायडी नगर पुलिस की टीम तत्काल गुजरात पहुंची। साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि पीड़िता से लिए गए सोने के जेवर उसने अपने गांव कानाकोलर में घर की पेटी में छिपाकर रखे हैं।
निशानदेही पर पूरा सोना बरामद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर कानाकोलर पहुंचकर सोने के आभूषण बरामद किए। बरामद आभूषणों में सोने की 4 चूड़ियां, 4 अंगूठियां, गले के 5 मांदलिया, 1 सोने का हार, 1 मंगलसूत्र, 1 सोने की चेन और 1 जोड़ी कान की झुमकियां शामिल हैं। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला संबंधी अपराध को संवेदनशीलता से लेते हुए कम समय में आरोपी तक पहुंचना और पीड़िता से लिए गए सोने के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी इस कार्रवाई की महत्वपूर्ण सफलता है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं सीएसपी जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन तथा वायडी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में की गई
पुलिस टीम में सउनि जगदीश ठाकुर, प्रधान आरक्षक मनीष लबाना, प्रधान आरक्षक अरविन्द पुरोहित, आरक्षक राजेन्द्र मेघवाल, आरक्षक दीपक सुथार तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी, प्रधान आरक्षक मुजफ्फरउद्दीन और आरक्षक मनीष बघेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


