
टी-स्टेट न्यूज/
मनावर। वरिष्ठ हिंदू नागरिक महासंघ मनावर की मासिक बैठक धार रोड स्थित कल्याण भोजनालय में शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में महासंघ के 35 से अधिक सदस्यों ने सहभागिता की। इस दौरान सामाजिक समरसता, वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न समस्याओं सहित आगामी धार्मिक आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक में बकनाथ अटल दरबार महादेव मंदिर परिसर, मनावर में पितृपक्ष के अवसर पर रविवार से आयोजित होने वाले सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं रुद्र महायज्ञ को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। सदस्यों ने आयोजन को सफल, व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति को पूर्ण सहयोग देने पर सहमति व्यक्त की।
आयोजन के संबंध में बताया गया कि श्रीमद्भागवत कथा का वाचन बैतूल की जया देवी जी के मुखारविंद से किया जाएगा। वहीं अखंडानंद महाराज के तत्वावधान में प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक रुद्र महायज्ञ का आयोजन होगा। पितृपक्ष के दौरान आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालु कथा श्रवण के साथ रुद्र महायज्ञ में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे। महासंघ की बैठक में सभी सदस्यों ने निर्णय लिया कि नगर एवं आसपास के अधिक से अधिक धर्मप्रेमी नागरिकों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार में भी सहयोग किया जाएगा। सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।
सदस्यों से प्रतिदिन कथा में उपस्थित रहने की अपील आयोजन समिति के अध्यक्ष रामेश्वर जी पाटीदार (डेडी) एवं वरिष्ठ हिंदू नागरिक महासंघ के अध्यक्ष विजय जी गंगवाल ने महासंघ के सभी सदस्यों से अपील की है कि वे कथा एवं रुद्र महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन उपस्थित रहकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनें तथा अन्य नागरिकों को भी कार्यक्रम में आने के लिए प्रेरित करें।
सहभोज के लाभार्थियों का सम्मानपूर्वक उल्लेख बैठक के अवसर पर महासंघ सदस्यों के सहभोज के लाभार्थी श्री कैलाश मुकाती वीआईपी, कैलाश शर्मा एवं शांतिलाल अजमेरा रहे। महासंघ के सदस्यों ने तीनों लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक एवं आयोजन संबंधी उक्त जानकारी महासंघ के सचिव श्री जय प्रकाश जी सेन ने दी।


